मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज ग्वालियर में बहुप्रतीक्षित रेलवे ओव्हर-ब्रिज की आधार-शिला रखी। ओव्हर-ब्रिज के उदघाटन कार्यक्रम में श्री चौहान ने कहा कि यह पुल वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के
नाम से जाना जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता इस्पात, खनन एवं श्रम और रोजगार मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने की। राजा मानसिंह तोमर चौराहे से पुराने रेलवे ओव्हर-ब्रिज के समानान्तर सिंधिया कन्या स्कूल तक बनाए जाने वाले इस आरओबी के लिये राज्य सरकार ने 49 करोड़ 44 लाख से अधिक राशि मंजूर की है। ग्वालियरवासी लम्बे समय से नए रेलवे ओव्हर-ब्रिज की प्रतीक्षा कर रहे थे। इसके निर्माण से पड़ाव एवं स्टेशन रोड पर आए दिन लगने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि ग्वालियर शहर के विकास में राज्य सरकार ने अभी तक धन की कमी नहीं आने दी है। फलतः इस शहर ने विकास की नई करवट ली है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के सहयोग से ग्वालियर को जवाहर लाल नेहरू शहरी विकास मिशन में शामिल करवाने के प्रयास गंभीरता के साथ किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि स्थानीय सांसद श्री नरेन्द्र सिंह तोमर भारत सरकार में केबिनेट मंत्री बनाए गए हैं, इसका स्वाभाविक फायदा भी ग्वालियर को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि नए रेलवे ओव्हर-ब्रिज का नाम महारानी लक्ष्मीबाई ब्रिज रखकर प्रदेश सरकार ने वीरांगना लक्ष्मीबाई को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए हैं।