मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देने में सरकार हरसंभव मदद करेगी। पढ़ने योग्य हर बच्चे को स्कूल भेजने के संकल्प को हर हालत में पूरा किया जायेगा। श्री चौहान आज ग्वालियर में स्कूल चलें हम अभियान कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
अध्यक्षता केन्द्रीय श्रम मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने की। महिला-बाल विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा भी इस अवसर पर उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर 250 करोड़ से अधिक लागत के 150 कार्य का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 50 करोड़ की लागत से बनने वाला ओवर ब्रिज भी शामिल है। श्री चौहान ने लगभग 3 लाख हितग्राही को 32 करोड़ की आर्थिक सहायता और प्रमाण-पत्र वितरित किये। उन्होंने स्कूली बच्चों को नि:शुल्क गणवेश चेक, पाठय-पुस्तकें और मेधावी बालिकाओं को लेपटाप वितरित किये। मुख्यमंत्री ने कहा कि पन्नी बीनने वाले तथा स्टेशन और बस स्टेण्ड आदि पर आश्रय लेने वाले बच्चों को भी सरकार स्कूल भेजेगी। ऐसे बच्चों के रहने का प्रबंध छात्रावासों में किया जायेगा। जरूरत पड़ने पर उनके लिये किराये के आवास भी लिये जायेंगे। कक्षा 12वीं में 85 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को लेपटाप और 12वीं पास कर कॉलेज में दाखिला लेने वाले मेधावी विद्यार्थियों को स्मार्ट फोन दिये जायेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार जरूरतमंद विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिये अपनी गारंटी पर ऋण मुहैया करवा रही है।