राष्ट्रपति प्रदेश भ्रमण पर

राष्ट्रपति डॉ. प्रणब मुखर्जी की 6 से 8 जून के मध्य मध्यप्रदेश भ्रमण की तैयारियों की आज मंत्रालय में समीक्षा की गई। अपर मुख्य सचिव गृह श्री इंद्रनील शंकर दाणी ने आज संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों और भोपाल जिला प्रशासन के साथ एक बैठक में राष्ट्रपति के भ्रमण की तैयारियाँ जानीं।अपर मुख्य सचिव श्री दाणी ने सभी कार्यक्रमों के गरिमामय आयोजन के निर्देश दिए। श्री दाणी राष्ट्रपति के प्रदेश भ्रमण के लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं। वे प्रतिदिन राष्ट्रपति के भ्रमण के विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। श्री दाणी ने सहयोग के लिए भारतीय प्रशासनिक सेवा के दो अधिकारियों श्री राघवेंद्र सिंह, प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम और श्री गुलशन बामरा आयुक्त-सह-संचालक नगर तथा ग्राम निवेश को दायित्व सौंपा गया है। आज की बैठक में विशेष रूप से राष्ट्रपति के भोपाल प्रवास के कार्यक्रमों पर चर्चा हुई।भोपाल में राष्ट्रपति द्वारा मध्यप्रदेश अटल बिहारी वाजपेयी हिंदी विश्वविद्यालय के शिलान्यास, जनजातीय संग्रहालय के अनावरण और आर.जी. पी.वी. के दीक्षांत समारोह के कार्यक्रम निर्धारित हैं। इन कार्यक्रमों में मंच पर आसीन विशिष्ट व्यक्तियों के निर्धारण, स्वागतकर्ताओं के निर्धारण, सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन व्यवस्था, संबोधनों की समयावधि आदि के संबंध में विचार- विमर्श किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *