राजधानी में लगातार तीखे हो रहे गर्मी के तेवरों ने पारे को पंख लगा दिए हैं। शहर में चिलचिलाती धूप ने लोगों को झुलसा दिया है। तीखी धूप और गर्म हवा के बीच दिन का तापमान बढ़ते-बढ़ते अपने रिकार्ड स्तर पर पहुंच गया है। शुक्रवार को राजधानी में अधिकतम तापमान इस सीजन के शीर्ष स्तर पर पहुंचकर 44.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। यह सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है।
शुक्रवार का दिन राजधानी में इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा है। शहर में दिन की शुरूआत हालांकि काफी सुहाने मौसम के साथ हुई। आसमान में छाए हल्के बादलों के बीच धूप की किरणें कुछ देरी से बिखरी। सुबह के वक्त हवाएं भी अपेक्षाकृत तेज गति से बहीं जिनमें नमी होने के कारण मौसम काफी सुहाना हो गया। सुबह नौ बजे तक भी मौसम का मिजाज खुशनुमा था और गर्मी का असर न के बराबर रहा। लेकिन इसके बाद जैसे-जैसे सूरज चढ़ता गया, गर्मी अपने शबाब पर आती गई। दोपहर होने के पहले ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलकर बेहद गर्म हो चुका था। दोपहर में तेज धूप के साथ दक्षिण पश्चिमी गर्म हवा ने गर्मी के असर को ओर बढ़ा दिया। हालांकि दोपहर में भी हल्के बादल छाए हुए थे लेकिन इनका कोई असर गर्मी पर नहीं पड़ा। गर्म हवा और तेज धूप के बीच दिन का तापमान इस सीजन के सर्वाधिक शीर्ष स्तर पर पहुंच गया। मौसम के गर्म मिजाज का असर ऐसा रहा कि शाम के बाद भी शहर को गर्मी से निजात नहीं मिली। सूरज ढलने के बाद भी गर्म हवा का असर बरकरार रहा। इधर दिन के साथ ही रात के तापमान में भी लगातार वृद्धि हो रही है। बीती रात न्यूनतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 28.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ।
आगे क्या
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी के कारण शहर में हल्के बादल छाए हुए है जिसके कारण दिन के तापमान में वृद्धि हो रही है। तेज धूप में नमी के असर के कारण ही उमस भी बढ़ गई है। विभाग के अनुसार हवा की दिशा दक्षिण-पश्चिमी है और अभी इसकी यही दिशा रहेगी। लिहाजा शहर में अगले सप्ताह तक तेज गर्मी का असर बरकरार रहेगा। दिन का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
शुक्रवार को कब कितनी गर्मी
समय तापमान
सुबह 8.30 32.0
सुबह 11.30 38.6
दोपहर 2.30 44.0