कारगिल विजय सैनिकों की वीरता और अदम्य साहस की मिसाल

गृह मंत्री श्री बाबूलाल गौर ने कहा कि कारगिल विजय हमारे सैनिकों की वीरता और अदम्य साहस की मिसाल है। श्री गौर आज कारगिल विजय दिवस पर सैनिक कल्याण बोर्ड के कार्यक्रम में बोल रहे थे।

इस अवसर पर संचालक श्री डी.पी. गुप्ता भी उपस्थित थे। गृह मंत्री श्री गौर ने कहा कि कारगिल की लड़ाई विपरीत परिस्थितियों में हमारे जवान ने लड़ी। पाकिस्तान के घुसपैठिये कारगिल की चोटियों से हमला कर रहे थे और हमारे जवान नीचे से उनका मुकाबला कर रहे थे। यह आसान नहीं था लेकिन हमारे जवानों के साहस और हौसले ने घुसपैठियों को खदेड़ दिया। उन्होंने वीरता से लड़ते हुए अपने आप को समर्पित कर दिया। उनका यह बलिदान हजारों साल तक याद रखा जायेगा। श्री गौर ने कहा कि श्रीमद भगवत गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने कहा है कि ‘एक दिन सबकी मृत्यु निश्चित है, ऐसा कुछ करके जाओ ताकि व्यक्ति अमर हो जाये’। उन्होंने कहा कि हमारे सैनिकों ने इतिहास में अपना नाम अमर कर लिया। गृह मंत्री ने भोपाल के मेजर अजय शर्मा के बलिदान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनके परिवार के लिये यह बहुत बड़ी क्षति थी, लेकिन उन्हें इस बात का गर्व है कि उनका पुत्र देश के लिये शहीद हुआ। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध की यादों का स्मरण करते हुए थल एवं वायु सेना के अधिकारियों ने प्रस्तुतिकरण दिया। लेफ्टिनेंट जनरल श्री मिलन ललित नायडू ने स्वागत भाषण दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *