सरकार ने माई जी ओ वी नाम का एक ऐसा आधिकारिक पोर्टल शुरू किया है जिससे नागरिकों को सुराज्य में योगदान का अधिकार मिलेगा। इस पोर्टल का पता है mygov.nic.in पोर्टल शुरू करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र
मोदी ने कहा कि लोगों की भागीदारी के बिना लोकतंत्र की सफलता संभव नहीं है। श्री मोदी ने कहा कि अभी तक लोगों और प्रशासन प्रक्रियाओं में काफी अंतराल था लेकिन पिछले साठ दिन में उनकी सरकार ने महसूस किया कि बहुत से लोग राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सहयोग करना चाहते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनता इस पहल का स्वागत करेगी। टेक्नॉलोजी के माध्यम से तैयार किया गया प्लेटफार्म हिंदुस्तान के या हिंदुस्तान के बाहर रहने वाले भारत का कल्याण चाहने वाले हर व्यक्ति के लिए एक बहुत बड़ा अच्छा अवसर, एक माध्यम है। ये शुरूआत है और मुझे विश्वास है कि सभी देशवासी इस पहल का स्वागत करेंगे और जुडेंगे। प्रधानमंत्री ने इस पोर्टल को सशक्त बनाने और इसे सुधारने के लिए प्रयास और सुझाव आमंत्रित किए हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस पोर्टल के माध्यम से सभी देश को आगे ले जाने तथा गरीब से गरीब नागरिक की अपेक्षाएं पूरी करने की दिशा में मिलकर काम करेंगे।ये जो प्लेटफार्म तैयार किया है उसकी भी कुछ कमियां आपको नजर आ सकती हैं। उसको भी अधिक स्टे्रंथन करने के लिए आप सुझाव दे सकते है और मुझे विश्वास है कि हम सब मिलकर के देश के गरीब से गरीब व्यक्ति की आशा आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए, देश को जितना आगे ले जाना पड़े, जितना आगे ले जा सकें हम अवश्य सफल होंगे। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि माई जी ओ वी पोर्टल से लोगों को चर्चा और सहयोग करने का अवसर मिलेगा। लोगों से प्राप्त होने वाले विचारों का अनेक मंचों पर मंथन किया जाएगा जिससे रचनात्मक फीडबैक और प्रतिक्रिया मिल सकेंगी। जो लोग चर्चा से आगे बढ़कर क्षेत्र में योगदान करना चाहते है उनके लिए भी माइ जी ओ वी पोर्टल में अनेक संभावनाएं है। नागरिक स्वैच्छा से विभिन्न कार्य चुन सकते हैं और अपनी प्रविष्टियां भेज सकते है। फिर इन कार्यो की विशेषज्ञ और सदस्य समीक्षा करेंगे और अनुमोदन हो जाने पर उन्हें पूरा करने के लिए लोग आपस में योगदान करेंगे।