ग्लास्गो में चल रहे बीसवें राष्ट्रमंडल खेलों में भारत अब तक पांच स्वर्ण सहित कुल सत्रह पदक जीत चुका है। १८ स्वर्ण सहित कुल ५१ पदक लेकर ऑस्ट्रेलिया पहले स्थान पर पहुंच गया है। इंग्लैंड दूसरे स्थान पर है।
इन खेलों के चौथे दिन आज भारत को पदक की सबसे अधिक उम्मीद वेटलिफ्टिंग और निशानेबाजी में होंगी। अभिनव बिंद्रा, राही सर्नोबत और अपुर्वी चंदेला की स्वर्णिम सफलता के बाद एक बार फिर आज सभी की निगाहें भारतीय निशानेबाजों पर होंगी- जब श्रेयसी सिंह और वर्षा वर्मन महिलाओं के डबल ट्रैप फाइनल में निशाना साधेंगी। पुरूषों के डबल ट्रैप क्वालीफिकेशन में अंकुर मित्तल और मोहम्मद असाब अपनी चुनौती पेश करेंगे। वेटलिफ्टिंग में सतीश कुमार शिवालिंगम और रवि कुमार कटुलु ७७ किलोग्राम भार वर्ग में, जबकि पूनम यादव और वंदना गुप्ता ६३ किलो भार वर्ग में भाग लेंगी। बैडमिंटन में मिक्स्ड टीम स्पर्धा के सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला इंग्लैंड से होगा। मुक्केबाजी में मनोज कुमार और सुमित सांगवान प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेलेंगे। महिला हॉकी में भारत अपने दूसरे मुकाबले में न्यूजीलैंड से खेलेगा। एथलेटिक्स में प्रकाश करहाना, शॉटपुट में, जबकि श्रद्धा नारायणा १०० मीटर दौड़ में भाग लेंगी। पुवम्मा माछेतिरा ४०० मीटर महिला दौड़ में भाग लेंगी।