गज़ा में लगभग चार सप्ताह पहले शुरू हुआ संघर्ष आज भी जारी है और इसराइल ने गज़ा पर हमले किये हैं। उधर हमास ने भी इसराइल पर राकेट दागे हैं। आठ जुलाई से जारी संघर्ष में अब तक एक हजार सात
सौ बीस फलस्तीनी मारे गये हैं और नौ हजार से ज्यादा घायल हुए हैं। इसराइल के साथ लम्बे संघर्ष विराम के लिए फलस्तीन का एक उच्च स्तरीय शिष्टमंडल काहिरा पहुंच गया है। इसराइल ने कहा है कि वह इस वार्ता के लिए अपना दल नही भेजेगा क्योंकि हमास संघर्ष विराम का लगातार उल्लंघन करता रहा है। उधर, हमास के प्रमुख खालिद मेशाल ने इस बात पर जोर दिया है कि फलस्तीन ने संघर्ष विराम नही तोड़ा है।इसराइल के प्रधानमंत्री बेन्जामिन नेतन्याहू ने कल तेल अवीव में कहा कि हमास को राकेट हमलों की असहनीय कीमत चुकानी होगी। संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि गज़ा मानवीय त्रासदी की ओर बढ़ रहा है। फलस्तीन के कब्जे वाले इलाके में संयुक्त राष्ट्र के मानवीय सहायता समन्वयकर्ता जेम्स रॉले ने कहा कि चिकित्सा सेवायें और सुविधायें चरमारने की कगार पर है।