शासकीय विभागों एवं संस्थाओं में कार्य-दक्षता बढ़ाने एवं नागरिकों को और अधिक गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ मुहैया करवाने के लिए आउटसोर्सिंग के जरिए निजी क्षेत्र की भागीदारी के उद्देश्य से आज आई.टी. सेन्टर में कार्यशाला
का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विभिन्न विभाग के कार्यों तथा सेवाओं को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किये जाने में निजी क्षेत्र की भागीदारी एवम् उससे प्रदेश में तैयार होने वाले रोजगार की सम्भावनाओं पर चर्चा की गयी। कार्यशाला में प्रमुख सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति श्री अशोक वर्णवाल, सूचना प्रौद्योगिकी सचिव श्री हरिरंजन राव, महानिदेशक पंजीयन एवं मुद्रांक श्रीमती दीपाली रस्तोगी, श्री संकेत भोंडवे संचालक समग्र तथा लोक सेवा अभिकरण के कार्यपालन संचालक श्री अविनाश लवानिया, उप सचिव श्री सुधीर कोचर सहित इन्फोसिस कम्पनी के श्री सम्पत, श्री नारायण, श्री समर, श्री रवि एवं श्री मधुकर सहित विभिन्न विभाग, संस्था के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। सचिव सूचना प्रौद्योगिकी श्री हरिरंजन राव ने कहा कि शासकीय विभागों के अनुषंगी कार्यों को आउटसोर्सिंग किये जाने की प्रबल सम्भावनाएँ हैं। इससे विभाग अपनी ऊर्जा का अपने मुख्य कार्यों में उपयोग कर कार्यक्रमों का प्रभावी तरीके से नियोजन, मानिटरिंग एवं क्रियान्वयन कर सकेंगे। इन्फोसिस की ओर से प्रेजेन्टेशन के जरिये आई.टी. तथा अन्य क्षेत्रों पर प्रकाश डालते हुए बी.पी.ओ. सर्विसेस, आयकर रिटर्न दाखिल करने की प्रभावी व्यवस्था को आउटसोर्सिंग किये जाने से नागरिकों को होने वाली सुविधा और समय की बचत का उल्लेख करते हुए आउटसोर्सिंग व्यवस्था संबंधी पहलु से अवगत करवाया गया। संचालन ओ.एस.डी. श्री कमल जैन ने किया।