राज्यपाल श्री राम नरेश यादव ने 9 अगस्त को भारत छोड़ो आन्दोलन की 72 वीं वर्षगाँठ पर देश की आजादी के संघर्ष के दौरान अपने प्राण गँवाने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि दी है।
भारत छोड़ो आन्दोलन की वर्षगाँठ पर राज्यपाल 9 अगस्त 2014 को पुरानी विधान सभा के प्रांगण स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। राज्यपाल श्री यादव ने कहा कि भारत छोड़ो आंदोलन सही मायने में एक जन-आंदोलन था जिसमें लाखों आम भारतीय शामिल थे। इस आंदोलन ने युवाओं को बड़ी संख्या में अपनी ओर आकर्षित किया। छात्रों ने कॉलेज की पढ़ाई छोड़कर जेल का रास्ता अपनाया। श्री यादव ने कहा कि महात्मा गांधी ने एक सोची-समझी रणनीति के तहत 9 अगस्त 1942 का दिन चुना था। इस आंदोलन को लाल बहादुर शास्त्री जैसे छोटे कद के व्यक्ति ने प्रचंड रूप दे दिया। श्री जयप्रकाश नारायण जैसे समाजवादी सदस्य भूमिगत प्रतिरोधी गतिविधियों में सबसे ज्यादा सक्रिय रहे।