विधानसभा उप चुनाव में भी होगी पेड न्यूज की निगरानी

मध्यप्रदेश में कटनी जिले के विजयराघवगढ़ एवं बहोरीबंद तथा आगर-मालवा जिले के आगर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिये होने वाले उप चुनाव में भी पेड न्यूज की निगरानी की जायेगी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय द्वारा दोनों जिले के कलेक्टर को इस संबंध में निर्देश दिये गये हैं।

कटनी एवं आगर-मालवा के जिला निर्वाचन अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन व्यय निगरानी, एमसीएमसी एवं पेड न्यूज संबंधी पूर्व में दिये गये दिशा-निर्देशों का भली-भाँति अध्ययन करने को कहा गया है। आयोग के निर्देश पर दोनों जिलों में पेड न्यूज संबंधी मामलों की निगरानी के लिये जिला स्तरीय समिति का गठन तथा निर्वाचन व्यय की निगरानी के लिये नोडल अधिकारी नियुक्त किये गये हैं। दोनों जिलों में संदेहास्पद पेड न्यूज के संबंध में जिला स्तरीय एमसीएमसी द्वारा प्रकरण के चिन्हांकन की कार्रवाई चुनाव की घोषणा के साथ ही शुरू कर दी गई है। सीईओ कार्यालय के अनुसार समिति द्वारा यदि सभी केबल, चेनल, समाचार-पत्र आदि नहीं देखे जा रहे हैं, तो उसे शीघ्र आयोग के नोटिस में लाया जाये। जिला निर्वाचन अधिकारी यह भी सुनिश्चित करें कि एमसीएमसी की निर्वाचन क्षेत्र में व्यापक रूप से प्रचलित राष्ट्रीय और स्थानीय समाचार-पत्र, सभी राष्ट्रीय और स्थानीय समाचार चेनल के लिये केबल कनेक्शन सहित 3 या 4 टीवी सेट और रिकार्डिंग यंत्र तथा अलग कमरे दिये जायें, ताकि निर्वाचन से संबंधित सभी विज्ञापन रिकार्ड किये जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *