राज्यपाल श्री राम नरेश यादव ने कहा है कि पुलिस के ऊपर कानून व्यवस्था बनाये रखने की जितनी बड़ी जिम्मेदारी है उतनी ही जनता से परस्पर समन्वय बनाये रखते हुए जनहितैषी छवि को बनाये रखने की भी है।
यह बात राज्यपाल श्री यादव ने आज राजभवन में उनसे भेंट करने आये राष्ट्रपति पदक से सम्मानित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से कही। इस अवसर पर राज्यपाल के प्रमुख सचिव श्री विनोद सेमवाल तथा अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित थे। राज्यपाल श्री यादव ने कहा कि यह हम सब के लिए गर्व की अनुभूति होती है कि मध्यप्रदेश पुलिस की गणना देश के श्रेष्ठ बलों में की जाती है। पुलिस को अपनी इस पहचान को और अधिक निखारने की दिशा में सदैव तत्पर रहना होगा। राज्यपाल श्री यादव ने कहा कि अपराधियों से निपटने में कानून की परिधि में रहकर अपराध रोकने में कोई कोर-कसर नहीं रखनी चाहिए। इस प्रकार के कदम भी उठाना चाहिए जिससे अपराधियों में पुलिस का भय कायम रहे। राज्यपाल ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति संतोषजनक है फिर भी इस ओर अभी बहुत कुछ किये जाने की आवश्यकता है। राज्यपाल ने पुलिस बल में महिलाओं को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर जोर दिया।