प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत को गरीबी, सांप्रदायिक हिंसा और महिलाओं के खिलाफ अपराध से मुक्त कराने और विकास का एक नया युग लाने का आह़वान किया है । लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराने के बाद आज अपने पहले
स्वतंत्रता दिवस भाषण में श्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों से कहा कि महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर 2019 तक भारत को स्वच्छ बनाने का संकल्प लें । उन्होंने कहा कि वे देश को बहुमत नहीं, बल्कि सहमति के बल पर आगे ले जाना चाहते हैं।
श्री मोदी ने जनता से कहा कि देश को नई उंचाई तक ले जाने के लिए शांति, एकता और भाईचारे का रास्ता अपनाएं । सांप्रदायिक और जातीय हिंसा की घटनाओं पर अफसोस प्रकट करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्र को इन तनावों से मुक्त कराना होगा, क्योंकि ये देश के विकास में बाधक हैं । उन्होंने कहा कि आतंकवाद और माओवाद से किसी का फायदा नहीं हुआ है। उन्होंने ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों को सलाह दी कि बंदूक उठाने के बजाय रचनात्मक काम करें ।