‘दृष्टि बदलने से सृष्टि बदलेगी’ व्याख्यान माला से 19 अगस्त को व्यक्तित्व विकास प्रकोष्ठ का शुभारंभ होगा। व्याख्यान माला प्रदेश के सभी शासकीय महाविद्यालयों में एक साथ सुबह 11.30 बजे होगी।
शासकीय सरोजिनी नायडू कन्या महाविद्यालय भोपाल में उच्च शिक्षा राज्य मंत्री श्री दीपक जोशी द्वारा व्याख्यान माला का शुभारंभ किया जायेगा। उच्च शिक्षा विभाग ने युवाओं की सृजनशील क्षमताओं के सम्पूर्ण विकास को ध्यान में रखकर भारतीय संस्कृति और परम्परा की आधारशिला पर उनके व्यक्तित्व की संरचना के लिये व्यक्तित्व विकास प्रकोष्ठ का गठन किया है। प्रकोष्ठ के मुख्य उद्देश्य में युवाओं में भारतीयता का भाव जगाना, भारतीय संस्कृति और परम्पराओं के सम्यक बोध, नैतिक मूल्यों का परिपालन और संवर्धन, व्यक्तित्व निर्माण और उसका अनवरत विकास, व्यक्तित्व विकास के विभिन्न आयाम की प्रविधियों पर संवाद, राष्ट्रीयता की भावना से ओत-प्रोत समर्थ नागरिक का निर्माण और मनोविकारों से मुक्त स्वस्थ मानस का निर्माण, शामिल है।