सूचना प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा 20 अगस्त 2014 को प्रातः 9 बजे से आर.सी.व्ही.पी. नरोन्हा प्रशासन अकादमी में ‘साइबर सुरक्षा’ विषय पर कार्यशाला की जा रही है। कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य सचिव श्री अन्टोनी डिसा करेंगे।
सभी विभाग के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव एवं सचिव तथा विभागाध्यक्ष इसमें भाग लेंगे। सूचना प्रौद्योगिकी सचिव श्री हरिरंजन राव कार्यशाला के उद्देश्य से अवगत करवायेंगे। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य सूचना प्रौद्योगिकी अधोसंरचना से जुड़े संभावित खतरों और सरकारी सूचना तंत्र को सुरक्षित बनाने के लिये विभिन्न समाधान से अवगत करवाना है। कार्यशाला में अतिरिक्त महानिदेशक साइबर पुलिस श्री अशोक दोहरे, सर्ट-इन नई दिल्ली के संचालक मोहम्मद अकरम खान, डिलॉयट एंटरप्राइज रिस्क सर्विसेज के वरिष्ठ संचालक श्री पार्थसारथी, साइबर लॉ के क्षेत्र में वरिष्ठ विधि सलाहकार श्री वकुल शर्मा, मिटकेट के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री पवन देसाई एवं मेप आई.टी. के कन्सलटेंट श्री मनोज तिवारी द्वारा साइबर सुरक्षा से जुड़े विषय पर प्रस्तुतिकरण दिये जायेंगे।