गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर आज मुख्यमंत्री निवास में धार्मिक अनुष्ठान और श्रद्धा-भाव से भगवान श्री गणेश की प्रतिमा की स्थापना की गई। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान अपनी धर्मपत्नी
श्रीमती साधना सिंह के साथ श्री गणेश प्रतिमा लेने माता मंदिर के पास पहुँचे। श्री चौहान ने कहा कि गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर यही प्रार्थना है कि प्रदेश और देश तेजी से आगे बढ़े और हर प्रदेशवासी की जिंदगी में सुख समृद्धि और रिद्धि-सिद्धि आये। आज आनंद और उत्सव का दिन है, आज सिद्धि विनायक हमारे घरों में विराजेंगें। विकास की दौड़ में हमारा प्रदेश आगे बढ़ता जाये और हर नागरिक देश और प्रदेश के निर्माण के काम में सहयोग दे। इस अवसर पर विधायक श्री रामेश्वर शर्मा और विधायक श्री सुरेन्द्रनाथ सिंह भी उपस्थित थे।