स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार करना होगा

जनसंपर्क, ऊर्जा, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा तथा खनिज साधन मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि हमारे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने देश को स्वत्रंत करवाने में अपने प्राण न्यौछावर कर दिये।

उनका सपना था कि देश विश्व का सिरमौर बने। उन्होंने कहा कि उनके सपनों को साकार करने के लिए हमें कर्त्तव्यनिष्ठ होकर समर्पित भावना के साथ काम करना होगा। श्री शुक्ल आज रीवा में श्याम शाह चिकित्सा महाविद्यालय परिसर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद श्याम शाह की प्रतिमा का अनावरण कर रहे थे।

श्री शुक्ल ने कहा कि युवा पीढ़ी को अपने पूर्वजों के इतिहास से परिचित कराना आवश्यक है। जनसंपर्क मंत्री ने कहा कि सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा महाविद्यालय बनाने के साथ ही गांधी मेमोरियल तथा संजय गांधी अस्पताल को सर्वश्रेष्ठ बनाने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है। अस्पताल को 150 करोड़ की लागत से सुपर स्पेशलिटी अस्पताल बनाया जायेगा। उन्होंने बताया कि अस्पताल में पेरा मेडिकल स्टाफ का इंतजाम करने के लिए 519 नर्स की भर्ती शीघ्र की जायेगी। उन्होंने कहा कि पहले यहाँ के मरीज दिल्ली और मुम्बई जाते थे, अब बाहर से मरीज इलाज करवाने रीवा आयेंगे।

प्रारंभ में जनसंपर्क मंत्री सहित अन्य अतिथियों ने अमर शहीद श्याम शाह के वंशज श्री संत सिंह, जय सिंह, राघवेन्द्र सिंह और गोपाल जी तथा मूर्तिकार दीपक बामने को स्मृति-चिन्ह और शॉल-श्रीफल से सम्मानित किया। सांसद श्री जर्नादन मिश्र, महापौर श्री शिवेन्द्र सिंह तथा अध्यक्ष श्री रिपुदमन सिंह ने भी सम्बोधित किया।

ब्लड यूनिट का शुभारंभ

जनसंपर्क मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने गांधी स्मृति चिकित्सालय और संजय गांधी अस्पताल रीवा में ब्लड सेपरेशन यूनिट का भी शुभारंभ किया। उन्होंने आकस्मिक तथा सर्जरी वार्ड का अवलोकन भी किया। जनसंपर्क मंत्री ने कहा कि गांधी स्मृति चिकित्सालय और संजय गांधी अस्पताल में शीघ्र आउट सोर्सिंग के माध्यम से केंसर मरीजों के लिए कोबाल्ट मशीन स्थापित कर दी जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *