शिक्षकों और विद्यार्थियों को सम्बोधित करेंगे प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी शिक्षक दिवस 5 सितम्बर को देश के समस्त शिक्षकों एवं बच्चों को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री के इस उदबोधन का सीधा प्रसारण दोपहर 3 से 4.45 बजे तक दूरदर्शन, आकाशवाणी, एडुसेट तथा वेबकास्ट आदि संचार माध्यम से किया जाएगा।

मध्यप्रदेश में कक्षा एक से 12वीं तक के लगभग एक करोड़ 85 लाख शालेय विद्यार्थी एवं 5 लाख 65 हज़ार शिक्षक, प्रधानमंत्री के उदबोधन को सुनेंगे।
मध्यप्रदेश के समस्त विद्यालयों में प्रधानमंत्री के भाषण को विभिन्न माध्यमों से शिक्षकों, विद्यार्थियों और शिक्षा अधिकारियों को सुनवाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने को कहा गया है। अपर मुख्य सचिव, स्कूल शिक्षा श्री एस.आर. मोहन्ती ने आज वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलों के कलेक्टर्स एवं ज़िला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिये। वीडियो कान्फ्रेंसिंग में कलेक्टर्स एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारियों के अलावा ज़िलों के सहायक आयुक्त, आदिम-जाति कल्याण एवं ज़िला शिक्षा अधिकारी तथा ज़िला परियोजना समन्वयक भी उपस्थित थे। प्रदेश में अनेक स्थान पर संचालित बालिका छात्रावास, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक छात्रावासों के बच्चे भी अपने छात्रावास में उपलब्ध टी.वी. पर प्रधानमंत्री का उदबोधन सुनेंगे। समस्त प्रायवेट स्कूलों में प्रधानमंत्री के उदबोधन का सीधा प्रसारण शिक्षकों एवं बच्चों को सुनवाया जाएगा। प्रायवेट स्कूल प्रसारण के संबंध में आवश्यक व्यवस्थाएँ स्वयं करेंगे। राज्य शिक्षा केन्द्र ने ज़िलों के कलेक्टर एवं ज़िला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को 5 सितम्बर को स्कूलों का संचालन समय दोपहर का निर्धारित करने के लिये भी कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *