कथित अपहरण के आरोपियों को गिरफ्तार करें

गृह मंत्री श्री बाबूलाल गौर ने भोपाल जिले के हिनोतिया जागीर तहसील बेरसिया के श्री रामचरण के कथित अपहरण के संबंध में नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई के निर्देश दिये हैं। श्री गौर आज हमीदिया चिकित्सालय में उपचार के लिये भर्ती श्री रामचरण

की पत्नी श्रीमती बेबी बाई, पुत्र श्री संजय और श्री सुनील विश्वकर्मा से मिले। उन्होंने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और घटना के संबंध में विस्तार से बातचीत की। एस.पी. नार्थ श्री अरविन्द सक्सेना भी उनके साथ थे। श्री गौर ने कहा कि रामचरण की पत्नी और पुत्रों ने गाँव के कुछ व्यक्तियों द्वारा रामचरण के अपहरण करने की बात कही है। उनका यह भी कहना है कि जिनके विरुद्ध उन्होंने शिकायत की है, वह उनके परिवार को धमकी दे रहे हैं। परिजन बता रहे हैं कि गत 6 अगस्त से श्री रामचरण नजीराबाद थाना जाने का कहकर घर से गये थे, तब से लापता हैं। परिजन उनके अपहरण की बात कह रहे हैं। श्री गौर ने रामचरण की पत्नी और पुत्रों को भरोसा दिलाया है कि उन्हें डरने की जरूरत नहीं है। सी.आई.डी. से प्रकरण की जाँच करवाई जा रही है। जल्दी ही श्री रामचरण को खोज लिया जायेगा। श्री गौर ने एस.पी. से आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रकरण में तत्परता से कार्रवाई करने को कहा। बेबी बाई, सुनील और संजय विश्वकर्मा ने बताया कि वे अब स्वस्थ महसूस कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *