महिला-बाल विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार ने किसानों की खुशहाली के लिये हरसंभव कदम उठाए हैं। राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं का ही नतीजा है कि मध्यप्रदेश को लगातार दो साल से राष्ट्रीय ‘कृषि कर्मण’ पुरस्कार मिल रहा है।
तीसरे साल भी मध्यप्रदेश इस पुरस्कार की होड़ में सभी राज्य से आगे है। श्रीमती माया सिंह आज ग्वालियर में किसान दिवस एवं बलराम जयंती के कार्यक्रम को संबोधित कर रहीं थीं। सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री श्री लाल सिंह आर्य भी उपस्थित थे।श्रीमती माया सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है जो किसानों को जीरो प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण मुहैया करवा रहा है। किसान पारंपरिक और आधुनिक पद्धति के समन्वय से लाभकारी खेती कर सकें, इसके लिये सरकार ने किसानों को विदेश भ्रमण भी करवाया है। कृषि वैज्ञानिकों से कहा गया है कि फसलों की ऐसी किस्में ईजाद करें जो कम पानी में अच्छी पैदावार दे सकें। श्रीमती माया सिंह ने कहा तमाम विपरीत परिस्थितियों के बाबजूद राज्य सरकार ने बिजली की आपूर्ति में कमी नहीं आने दी है।श्री लाल सिंह आर्य ने कहा कि किसान आर्थिक रूप से सशक्त होंगे तभी देश मजबूत होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री जन-धन योजना का लाभ उठाने का आव्हान किसानों से किया।