मध्यप्रदेश में कृषि एवं उद्यानिकी फसलों की उत्पादकता बढ़ाने और कृषि क्षेत्र की उपलब्धियों को और आगे बढ़ाने के लिये 25 सितम्बर से 20 अक्टूबर तक बड़े पैमाने पर प्रदेशव्यापी कृषि महोत्सव मनाया जायेगा।
मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने आज यहाँ मंत्रालय में कृषि महोत्सव की तैयारियों और जिला स्तर से लेकर ग्राम स्तर तक होने वाली गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेती को लाभकारी बनाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रदेश की कृषि क्षेत्र की उपलब्धियों को राष्ट्रव्यापी सराहना मिली है। कृषि वृद्धि दर को आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कृषि क्रांति की परिस्थितियाँ बन रही हैं इसलिये बड़े स्तर पर तैयारी करने की जरूरत है।