मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान अगले सप्ताह से विभागीय समीक्षा करेंगे। उन्होंने निर्देश दिये हैं कि विजन डॉक्यूमेंट, तीन माह की कार्य-योजना में की गयी कार्रवाई तथा सभी योजनाओं के वास्तविक क्रियान्वयन की स्थिति
की विभागीय मंत्री पहले गहराई से समीक्षा करें। बैठक में स्पष्ट उत्तर और पूरी जानकारी के साथ आयें। श्री चौहान आज यहाँ मंत्रियों और सचिवों की संयुक्त बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय बजट के अनुसार तैयार की गयी विभागीय योजना का मंत्री परीक्षण करें। इसे स्वीकृत कराने के लिये वरिष्ठ अधिकारी तथा मंत्री दिल्ली जाये। जरूरत होने पर वे स्वयं भी जायेंगे। श्री चौहान ने कहा कि सभी विभाग योजनाओं का आमजन को अधिक से अधिक लाभ पहुँचाने के लिये प्रक्रिया के सरलीकरण के भी सुझाव दें। उन्होंने कृषि महोत्सव में कृषि सहित सिंचाई, ऊर्जा, पशुपालन आदि सभी संबंधित विभाग को प्रभावी भूमिका का निर्वाह करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि शहरी अधोसंरचना विकास के कार्यों का प्रभारी तथा स्थानीय मंत्री निरीक्षण करें। वे स्वयं भी प्रदेश के बड़े नगरों में जाकर विकास की जमीनी हकीकत देखेंगे।