मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ई-शक्ति परियोजना की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि इंटरनेट के उपयोग के प्रति अभिरूचि रखने वाली महिलाओं को बेसिक ट्रेनिंग में चिन्हित किया जाए।
उनको एडवांस प्रशिक्षण देने की व्यवस्था हो। उन्होंने कहा कि इंटरनेट के उपयोग से महिलाओं को विकास के नये अवसर मिलेंगे। उनके आत्म-विश्वास में वृद्धि होगी। बैठक में बताया गया कि ई-शक्ति परियोजना में प्रदेश के सभी 313 विकासखंड में जानकारी के शिविर लगेंगे। इंटरनेट प्रशिक्षण में महिला-बाल विकास विभाग की 90 हजार आँगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्वास्थ्य विभाग की 70 हजार आशा और ए.एन.एम., गृह विभाग की 30 हजार महिला पुलिस और शौर्या दल की सदस्याएँ, नगरीय निकायों की 30 हजार सफाई और चतुर्थ श्रेणी महिला कर्मचारी, स्कूल-कॉलेजों की एक लाख 80 हजार छात्रा, जिला एवं जनपद एवं स्थानीय निकाय की 80 हजार महिलाकर्मी और 20 हजार महिला कृषक को इंटरनेट की जानकारी दी जाएगी।