सी.एम. हेल्पलाइन प्रदेशवासियों की समस्याओं के समाधान के लिये कारगर साबित हो रही है। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने आज मंत्रालय से सी.एम. हेल्पलाइन के पाँच आवेदक से टेलीफोन पर बात की।
आवेदकों ने अपनी शिकायतों के निराकरण की जानकारी देते हुए आभार व्यक्त किया। प्रायवेट बस कर्मचारी संघ जावरा के जफर खान ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर आम जनता की समस्याओं के निराकरण की इस क्रांतिकारी पहल के लिए बधाई दी है। उन्होंने पत्र में कहा है कि उनके द्वारा सी.एम. हेल्पलाइन 181 पर चार शिकायत की और सभी का तीन-चार दिन में ही निराकरण हो गया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आज मंत्रालय से सीधी जिले के ग्राम रामपुर के संतोष कुमार तिवारी से बात की। उन्होंने बताया कि प्रसूति सहायता की राशि का भुगतान नहीं मिलने की शिकायत की थी जिसका निराकरण कर दिया है, बाकी का भुगतान भी प्राप्त हो गया है। इसी तरह नीमच जिले के मनासा के मांगीलाल चौधरी ने नलों से गंदा पानी आने की शिकायत की थी। उन्होंने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए बताया कि शिकायत का निराकरण हो गया है। दतिया जिले के ग्राम कमथरा के हातिमसिंह यादव ने हेंडपम्प खराब होने की शिकायत 181 पर की थी। उन्होंने बताया कि शिकायत का निराकरण हो गया है। रायसेन जिले के मंडीदीप के नीलाधर धाकड़ ने समग्र यूजर आई.डी. नहीं मिलने की शिकायत की थी। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्हें आई.डी. मिल गया है। छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा के उमेश कुमार ने सी.एम. हेल्पलाइन में नियाजी वार्ड में अक्सर रात में बिजली चले जाने की शिकायत की थी। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि उनकी शिकायत का निराकरण हो गया है और अब बिजली ठीक से आ रही है।