लूट करने वाले संदिग्धों के ठिकानों पर करें छापामारी

गृह एवं जेल मंत्री श्री बाबूलाल गौर ने कहा है कि लूट और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले संदिग्धों को चिन्हित कर उनके ठिकानों पर छापामारी की जाये। पुलिस का अमला लूट और चोरी करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार

करे ताकि लूट और चोरी की घटनाए नहीं हों। इसके लिए पुलिस अमले को चुस्त-दुरूस्त और खोजी की भूमिका में रहना होगा। श्री गौर आज पटेल नगर की ईशांत पार्क कालोनी में लूट के घटना-स्थल पर पहुँचे थे। श्री गौर ने लूट की घटना के संबंध में परिवार से जानकारी प्राप्त की। परिजनों ने बताया कि लुटेरे पूरी तरह से नकाबपोश नहीं थे। उन्होंने किसी प्रकार से कोई आपसी बातचीत नहीं की। उनके हाथ में लाठी और पत्थर थे। रात का वक्त और पर्याप्त रोशनी के अभाव में लूट का प्रयास कर रहे लुटेरों को वह पहचान नहीं सके। श्री राऊत और उनकी पत्नी अनामिका ने बताया कि लुटेरों द्वारा उन्हें मारा पीटा भी गया। पुलिस को कॉल करने पर दस मिनट में पुलिस आ गई और शोर सुनकर पड़ोसी भी आ गए, इससे लुटेरे भाग खड़े हुए। श्री गौर ने इस जानकारी को तफतीश में महत्वपूर्ण मानते हुए पुलिस अधीक्षक श्री अंशुमान सिंह से कहा कि वह नगर में जहाँ कहीं भी संदिग्ध व्यक्तियों के ठिकाने हों उन पर नजर रखें और छापेमारी कर लुटेरों को पकड़ें। राऊत परिवार द्वारा लुटेरों से मुकाबला कर उन्हें लूट के प्रयास में असफल करने के साहसिक कार्य की श्री गौर ने सराहना की। उन्होंने कहा कि भोपाल पुलिस ऐसे साहसिक व्यक्तियों पर पत्रिका प्रकाशित करेगी। इससे दूसरे लोग भी प्रेरणा लेंगे। इस मौके पर मौजूद नागरिकों ने कालोनी की सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्था से अवगत करवाते हुए शस्त्र लायसेंस की बात कही। श्री गौर ने पुलिस अधीक्षक को कहा कि वे शस्त्र लायसेंस की अनुशंसा करें। शस्त्र लायसेंस देने के साथ उन्हें शस्त्र संचालन की ट्रेनिंग भी दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *