गरीबी की रेखा के नीचे जीवन-यापन करने वाले लाखों गरीब ग्रामीण परिवारों के आर्थिक उत्थान के सफल प्रयासों के लिए एमपी डीपीआईपी को प्रतिष्ठित स्कॉच अवार्ड से नवाज़ा गया है।
रविवार को नई दिल्ली स्थित इंडिया हेबिटेट सेन्टर में सम्पन्न समारोह में केन्द्रीय श्रम, इस्पात तथा खान मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर तथा प्रदेश की महिला-बाल विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग मध्यप्रदेश को जिला गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम (डीपीआईपी) के दूसरे चरण के सफल क्रियान्वयन के लिए यह अवार्ड प्रदान किया। परियोजना समन्वयक डीपीआईपी मध्यप्रदेश श्री एल.एम.बेलवाल और समन्वयक सामुदायिक विकास श्री मनोज सिंह ने यह अवार्ड प्राप्त किया। इससे पहले शनिवार को डीपीआईपी मध्यप्रदेश को ‘स्कॉच आर्डर ऑफ मेरिट’ भी दिया गया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री गोपाल भार्गव और अपर मुख्य सचिव श्रीमती अरूणा शर्मा ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित स्कॉच अवार्ड प्राप्त करने की महत्वपूर्ण सफलता पर प्रसन्नता जताई है। उन्होंने डीपीआईपी की राज्य इकाई और जिला तथा मैदानी स्तर पर कार्य कर रहे अधिकारियों तथा कर्मचारियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है।