ई-शक्ति अभियान के जरिये महिलाएँ बनेगी इन्टरनेट के प्रति जागरूक

महिलाओं में इन्टरनेट एवं कम्प्यूटर के उपयोग को बढ़ावा देने एवं इसके प्रति जागरूकता लाने के लिए सूचना-प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा मध्यप्रदेश की 5 लाख महिलाओं को इन्टरनेट प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से विशेष अभियान की शुरूआत की जा रही है।

इसे ई-शक्ति अभियान नाम दिया गया है। इसमें दैनंदिन के जीवन में इन्टरनेट एवं कम्प्यूटर के उपयोग से होने वाले फायदों से अवगत करवाया जायेगा। अभियान गूगल इंडिया के सहयोग से चलाया जायेगा।

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार 29 सितम्बर को शाम 5.30 बजे भोपाल स्थित मॉडल हायर सेकेण्ड्री स्कूल सभागृह में ई-शक्ति अभियान का शुभारंभ करेंगे। समारोह में सूचना प्रौद्योगिकी एवं परिवहन मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह उपस्थित रहेंगे। इसी के साथ 5 लाख महिलाओं को डिजिटल साक्षरता के लिए जागरूकता के प्रशिक्षण की शुरूआत होगी।

उल्लेखनीय है कि मुख्य सचिव श्री अन्टोनी डिसा की अध्यक्षता में गठित राज्य-स्तरीय साधिकार समिति (अपेक्स) की बैठक में गूगल इंडिया के सहयोग से यह अभियान संचालित करने का निर्णय लिया गया था। सचिव मुख्यमंत्री एवं सूचना प्रौद्योगिकी श्री हरि रंजन राव ने इस अभियान को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए प्रदेश के सभी जिला कलेक्टर्स को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये हैं।

सरल हिन्दी में देंगे प्रशिक्षण

अभियान के लक्षित प्रशिक्षणार्थी समूह में महिला-बाल विकास की आँगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं सुपरवाइजर, स्वास्थ्य विभाग की महिला ए.एन.एम. एवं आशा कार्यकर्ता, स्कूल शिक्षा की महिला शिक्षक एवं हायर सेकेण्ड्री की छात्राएँ, उच्च शिक्षा की महिला प्राध्यापक एवं छात्राएँ, पुलिस की महिला आरक्षक एवं महिलाकर्मी तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास की महिला स्व-सहायता समूह सदस्य, नगर निगम की महिलाकर्मी तथा किसान-कल्याण एवं कृषि विभाग की महिला किसान मित्र (किसान दीदी) सम्मिलित हैं। प्रशिक्षण सरल हिन्दी में गूगल टीम द्वारा दिया जायेगा। इसके लिए गूगल इंडिया द्वारा जिलेवार टीम गठित की गई है।

सूचना-प्रौद्योगिकी विभाग के मेप-आई.टी. एवं महिला-बाल विकास विभाग द्वारा इस अभियान का क्रियान्वयन किया जा रहा है। जिला-स्तर पर अपर कलेक्टर नोडल अधिकारी एवं जिला ई-गवर्नेंस मेनेजर सहायक नोडल अधिकारी रहेंगे। हरेक जिले में अभियान की कार्य-योजना बनाई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *