नगरपालिक निगम भोपाल की फोटोयुक्त मतदाता-सूची बनाने का कार्यक्रम जारी

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरपालिक निगम भोपाल के आम निर्वाचन-2014 के लिये फोटोयुक्त मतदाता-सूची तैयार करने का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। मतदाता-सूची एक जनवरी, 2014 की संदर्भ तारीख के आधार पर बनाई जायेगी।

मतदाता-सूची का अंतिम प्रकाशन 26 नवम्बर, 2014 को होगा।

सचिव राज्य निर्वाचन आयोग श्री जी.पी. श्रीवास्तव ने जानकारी दी है कि प्रथम चरण में रजिस्ट्रीकरण एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की नियुक्ति 29 सितम्बर तक की जायेगी। कर्मचारियों का चयन एवं प्रशिक्षण 30 सितम्बर तक किया जायेगा। प्रचलित परिसीमन के आधार पर रजिस्ट्रीयकरण एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा मतदाता-सूची को वार्ड अनुसार मार्किंग कर प्रारूप मतदाता-सूची 10 अक्टूबर तक तैयार की जायेगी। प्रारूप मतदाता-सूची मुद्रण के लिये 13 अक्टूबर को वेण्डर को दी जायेगी। वेण्डर द्वारा वार्डवार मतदाता-सूची की चेकलिस्ट 18 अक्टूबर तक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को उपलब्ध करवाई जायेगी। रजिस्ट्रीकरण एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा चेकलिस्ट की जाँच के बाद प्रारूप मतदाता-सूची 21 अक्टूबर तक वेण्डर को दी जायेगी। वेण्डर द्वारा प्रारूप प्रकाशन के लिये प्रारूप मतदाता-सूची का मुद्रण कर 24 अक्टूबर को निर्वाचन कार्यालय को प्रदाय की जायेगी।

द्वितीय चरण में 24 अक्टूबर को प्रारूप मतदाता-सूची राजनैतिक दलों को उपलब्ध करवाई जायेगी। प्रारूप मतदाता-सूची के संबंध में सार्वजनिक सूचना का प्रकाशन और दावे-आपत्तियाँ लेने का कार्य 30 अक्टूबर से शुरू होगा। दावे-आपत्ति प्राप्त करने की अंतिम तारीख 10 नवम्बर है। दावे-आपत्ति का निराकरण 18 नवम्बर तक किया जायेगा। वेण्डर द्वारा मतदाता-सूची का मुद्रण कर 24 नवम्बर को जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध करवाई जायेगी। मतदाता-सूची का अंतिम प्रकाशन 26 नवम्बर, 2014 को होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *