मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान 28 सितम्बर को दोपहर एक बजे भोपाल बैरागढ़ में आयोजित भूतपूर्व सैनिकों की रैली में शामिल होंगे। इस रैली में शामिल होने का निमंत्रण आज सेना के कमाण्डिंग इन चीफ सदर्न कमाण्ड
लेफ्टिनेंट जनरल श्री अशोक सिंह ने दिया। मुख्य सचिव श्री अंटोनी डिसा भी इस अवसर पर मौजूद थे। मुख्यमंत्री तथा लेफ्टिनेंट जनरल के बीच सेना के विभिन्न कल्याणकारी मसलों पर लगभग 15 मिनट चर्चा हुई। लेफ्टिनेंट जनरल ने कहा कि भूतपूर्व सैनिक अनेक अवसरों पर अपनी महत्वपूर्ण सेवाएँ दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भूतपूर्व सैनिकों की बड़ी संख्या उपलब्ध हैं। उनकी सेवाएँ शासकीय विभागों सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों में ली जा सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि सैनिक किसी भी प्राकृतिक आपदा का सामना करने के लिये सदैव तैयार रहते हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सेना हमारे लिये अत्यंत सम्मानीय है। देश की सेवा में प्राण न्यौछावर करने वाले वीरों के परिजन तथा भूतपूर्व सैनिकों के लिये जो भी संभव होगा, किया जायेगा। इस अवसर पर सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।