17वें एशियाई खेलों के ग्यारहवें दिन आज भारत को एक रजत और तीन कांस्य पदक मिले, जिसकी बदौलत वह पदक तालिका में दसवें स्थान पर बरकरार है। एथलेटिक्स में विकास गौड़ा को पुरूषों की डिस्कस थ्रो स्पर्धा में रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
इरान के एहसान हदादी ने लगातार तीसरी बार स्वर्ण पदक जीता। चार सौ मीटर बाधा दौड़ में अश्विनी अकुंजी ने महिला वर्ग में और जितिन पॉल ने पुरूष वर्ग के फाइनल में पहुंच कर स्वर्ण पदक की उम्मीदें बढ़ायी हैं। बॉक्सिंग में पांच बार की विश्व चैंपियन एम सी मैरीकॉम ने 48 किलो भार वर्ग में जहां स्वर्ण पदक की तरफ मजबूती से कदम बढ़ाये वहीं मिडल वेट में एल. सरिता देवी और लाइट वेट में पूजा रानी को सेमी फाइनल में हार के बाद कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। पुरूष वर्ग में सतीश कुमार और विकास कृष्ण भी सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं, लेकिन शिवथापा और एल देवेन्द्रों सिंह क्वार्टर फाइनल में ही बाहर हो गये। सेलिंग में डिंघी के डबल्स में वर्षा गौतम और एश्वर्या की जोड़ी ने कांस्य पदक हासिल किया। पुरूष हॉकी के सेमीफाइनल में भारत ने दक्षिण कोरिया को 1-0 से हराकर 16 साल बाद फाइनल में जगह बनाई है और अब स्वर्ण पदक के लिए बृहस्पतिवार को भारत का मुकाबला पाकिस्तान से होगा। पाकिस्तान ने दूसरे सेमीफाइनल में मलेशिया को पैनल्टी शूटआउट में हराया।