मध्यप्रदेश में 25 सितम्बर से चल रहे किसान महोत्सव की एक महत्वपूर्ण गतिविधि के रूप में सहकारिता विभाग द्वारा किसान क्रेडिट-कार्डों का वितरण लगातार जारी है। विगत 6 दिन में 80 हजार 600 किसान को यह कार्ड वितरित किये गये हैं।
महोत्सव के 6 दिन में कल तक 7,158 कृषक शिविर लगाये गये हैं, जिनमें करीब 3 लाख 98 हजार कृषक ने भाग लेकर वहाँ चल रही गतिविधियों का लाभ उठाया। शिविरों में किसानों को उन्नत खेती की विधियों के साथ-साथ कृषि और कृषकों के कल्याण के लिये चलाई जा रही गतिविधियों से भी अवगत करवाया जा रहा है। उद्यानिकी विभाग प्रदेश में उद्यानिकी खेती को आगे बढ़ाने के प्रयासों के रूप में किसानों को उद्यानिकी पौध और किटों का वितरण कर रहा है। कल तक 62 हजार से अधिक पौध और 75 हजार से अधिक उद्यानिकी किट वितरित किये गये। पशु-पालन विभाग द्वारा पशु-चिकित्सा और पशु-पालन संबंधी 87 हजार से अधिक किट वितरित किये गये। इस बीच लगभग 27 हजार स्वाईल हेल्थ-कार्ड वितरित किये गये और मृदा परीक्षण के लिये 45 हजार से ज्यादा मिट्टी के नमूने लिये गये। बलराम तालाब योजना में 1437 नवीन कार्य शुरू किये गये। मुख्यमंत्री खेत तीर्थ योजना में किसानों के दलों को उन्नत खेती के प्रादर्श दिखाये जा रहे हैं। इसमें अभी तक 6,500 से ज्यादा किसान ने भाग लिया है।