विश्व हाथ धुलाई दिवस-15 अक्टूबर को मध्यप्रदेश की 19 हजार 735 शालाओं में होने वाले वृहद हाथ धुलाई कार्यक्रम में 20 लाख स्कूली बच्चे एक साथ भागीदारी कर नया विश्व कीर्तिमान रचेंगें।
गिनिज बुक ऑफ वर्ल्ड रेकार्ड में अब तक 7.50 लाख स्कूली बच्चों के द्वारा एकसाथ हाथ धुलाई कार्यक्रम में भाग लेने का रेकार्ड दर्ज है। स्वच्छ मध्यप्रदेश अभियान में तकनीकी योगदान कर रही संस्था एम पी टास्ट की वॉश परियोजना द्वारा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के साथ संयुक्त रूप से आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में आज यह जानकारी दी गई। राज्य कार्यक्रम अधिकारी राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन श्रीमती हेमवती वर्मन ने स्वच्छ भारत अभियान में चल रही राज्य स्तरीय गतिविधियों की जानकारी देते हुए आग्रह किया कि स्वच्छता के मुद्दे पर जन-जागरूकता लाने में व्यापक योगदान दें। अभियान में 25 सितंबर से 19 नवंबर 2014 तक विभिन्न रचनात्मक आयोजन हो रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान सहित सभी मंत्री, जन-प्रतिनिधि तथा अधिकारी और कर्मचारी भी समय-समय पर विभिन्न आयोजन में भागीदारी कर जन-मानस को स्वच्छता की प्रेरणा दे रहे हैं।