हार-फूल के बजाय 3000 क्विंटल अनाज देकर किया स्वागत

कृषि महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के आव्हान पर ग्रामीणों ने कृषि-रथ और इस महोत्सव में शामिल होने वाले जन-प्रतिनिधियों का स्वागत हार-फूल के बजाय अनाज देकर किया।

पिछले 17 दिन में 3000 क्विंटल से अधिक अनाज एकत्रित हुआ, जिसे आँगनवाड़ी केन्द्रों में बच्चों और महिलाओं के लिये विशेष पोषण आहार में इस्तेमाल किया जायेगा। पच्चीस सितम्बर से प्रारंभ हुए महोत्सव में कृषि क्रांति रथों ने 19 हजार 271 गाँव का भ्रमण कर कृषकों को खेती की नई तकनीक, कृषि उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाने के गुर बताये। महोत्सव में 33 लाख 73 हजार से अधिक खसरा-खतौनी और अन्य राजस्व अभिलेख का वितरण किया गया। इस दौरान 29 हजार 278 लंबित नामांतरण और 2636 सीमांकन प्रकरण का निराकरण किया गया। खेतों में 34 हजार 321 स्थाई पम्प कनेक्शन दिये गये। ‘मेरा खेत मेरी-माटी” योजना में 26 हजार 125 कार्य शुरू किये गये। महोत्सव में विशेष पोषण आहार के लिये ग्रामीणों ने 3161 क्विंटल अनाज का योगदान दिया। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने महोत्सव प्रारंभ होने के पूर्व ग्रामीणों का यह आव्हान किया था कि वे इस दौरान होने वाले कार्यक्रम और कृषि क्रांति रथ का स्वागत हार-फूल के बजाय अनाज देकर करें, जिसका उपयोग प्रदेश से कुपोषण समाप्त करने के लिये आँगनवाड़ी केन्द्रों में किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *