आँगनवाड़ी चलो अभियान और बाल स्वच्छता कार्यक्रम

कुपोषण को जड़ से समाप्त करने के संकल्प को साकार करने के लिये एक से 19 नवम्बर तक ‘आँगनवाड़ी चलो अभियान’ और ‘बाल स्वच्छता’ कार्यक्रम चलाया जायेगा। महिला-बाल विकास

मंत्री श्रीमती माया सिंह ने यह जानकारी दी। उन्होंने जन-प्रतिनिधियों, आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, पोषण मित्रों और समाज से इस पुनीत कार्य में सक्रिय सहयोग का आव्हान किया है।

महिला-बाल विकास मंत्री श्रीमती सिंह ने कहा कि सरकार का अगला लक्ष्य प्रदेश के कोने-कोने से कुपोषण को समाप्त करना है। कार्य चुनौतीपूर्ण है पर असंभव नहीं है। श्रीमती सिंह ने कहा कि सभी लोग एकजुट होकर सरकार की इस पहल को अपना समर्थन और सहयोग दें, तो हम निश्चित ही एक सुपोषित मध्यप्रदेश बनाने में कामयाब होंगे।

इस अभियान में आँगनवाड़ी केन्द्रों तक ऐसे बच्चों और धात्री माताओं को पहुँचाया जायेगा, जो अभी तक इसका लाभ नहीं उठा रहे हैं। इसके साथ ही आँगनवाड़ी केन्द्रों में ऐसा वातावरण तैयार किया जायेगा, जिसमें महिलाएँ और बच्चे अपने को असहज महसूस न करें। आँगनवाड़ी केन्द्रों के महत्व, उसकी जरूरत और इससे मिलने वाले लाभ का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जायेगा। केन्द्र से दी जाने वाली सेवाओं में गुणवत्तापूर्ण सुधार लाया जायेगा। बच्चों और धात्री माताओं को लगने वाले टीकों की जानकारी दी जायेगी और जिन्हें टीके नहीं लगे हैं, उन्हें टीके लगाये जायेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *