लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर आज भोपाल में आयोजित रन फार यूनिटी में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान और केन्द्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री श्री अनंत कुमार शामिल हुए। इस दौड़ का आयोजन आईएसबीटी से भेल दशहरा मैदान तक किया गया।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस अवसर पर कहा कि आज जो भारत दिख रहा है उसका श्रेय सरदार वल्लभ भाई पटेल को है। उन्होंने राजे-रजवाड़ों का विलय भारत में करवाया। बाकी राज्यों की तरह काश्मीर का मामला भी यदि उन्हें सौपा जाता तो आज संपूर्ण काश्मीर भारत का अभिन्न अंग होता। श्री चौहान ने कहा कि सरदार पटेल की जयंती पर संकल्प लें कि देश की एकता और अखंडता को बनाये रखने के लिये हर बलिदान देंगे। प्रधान मंत्री श्री मोदी ने रन फार यूनिटी के माध्यम से पूरे देश में भावनात्मक एकता का संदेश दिया है। गुजरात में सरदार पटेल की दुनिया की सबसे बड़ी प्रतिमा लगायी जा रही है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कार्यक्रम में राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलायी। उन्होंने देश के गौरव बने खिलाड़ियों श्री अशोक ध्यानचंद, अमय खुरासिया और श्री जी.एल. यादव का सम्मान किया।