मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि राष्ट्रीय राजमार्ग अभिकरण में स्वीकृत परियोजनाओं में भू-अर्जन तथा मुआवजा वितरण का कार्य समय-सीमा में पूरा करें। इसकी लगातार मॉनीटरिंग की जाये।
मुख्यमंत्री श्री चौहान आज यहाँ राष्ट्रीय राजमार्ग अभिकरण के कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में लोक निर्माण मंत्री श्री सरताज सिंह और मुख्य सचिव श्री अंटोनी डि सा भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सड़क परियोजनाओं की कार्यवार समीक्षा की। उन्होंने कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये। इन सड़कों की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता से करें। पर्यटकों की दृष्टि से झाँसी से खजुराहो पहुँचने के लिये बमेठा-खजुराहो मार्ग के फोर लेन का कार्य प्राथमिकता से करें। वैकल्पिक मार्ग के रूप में राज्य सड़क विकास प्राधिकरण द्वारा झाँसी से पृथ्वीपुर-जतारा-टीकमगढ़ होकर खजुराहो मार्ग का निर्माण करवाया जा रहा है।