मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सी.एम. हेल्पलाइन 181 के पाँच शिकायतकर्ता से आज टेलीफोन पर सीधे बात कर जानकारी ली कि उनकी समस्या हल हुई या नहीं। मुख्यमंत्री का फोन आवेदकों के लिये किसी आश्चर्य जैसा था।
जिला कटनी की ग्राम पंचायत बरजी के गाँव लथपहाड़ी के कोमल पटेल से मुख्यमंत्री ने पूछा कि 181 में आपके द्वारा की गयी शिकायत हल हुई कि नहीं। आवेदक ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि गाँव में एक मेडम आयीं थीं। उन्होंने समस्या हल करा दी। इस आवेदक की शिकायत थी कि आँगनवाड़ी समय पर नहीं खुलती। बच्चे तालाब के तट पर इधर-उधर घूमते हैं। आँगनवाड़ी संबंधी अन्य शिकायतें भी थीं जो 181 में दर्ज होने के बाद हल हो गयीं। शिकायतों की जाँच के लिये शिकायतकर्ता द्वारा बतायी गयी मेडम महिला-बाल विकास विभाग अधिकारी थी।