भारत ने कल रात ओड़िशा तट पर नौसेना के एक जहाज से परमाणु क्षमतायुक्त धनुष मिसाइल का सफल परीक्षण किया। जमीन से जमीन पर मार करने वाली धनुष मिसाइल देश में निर्मित पृथ्वी मिसाइल की तर्ज पर नौसेना
के लिये बनाई गयी है। इसका कल शाम करीब सात बज कर चालीस मिनट पर परीक्षण किया गया। समेकित परीक्षण रेंज के निदेशक एमवी केवी प्रसाद ने बताया कि धनुष मिसाइल परम्परागत हथियार तथा पांच सौ से एक हजार किलोग्राम तक के परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम है और जमीनी तथा समुद्री लक्ष्यों को निशाना बना सकती है। 350 किलोमीटर तक जमीन से जमीन पर मार करने वाली मिसाइल पृथ्वी-2 का भी कल चांदीपुर की रेंज से परीक्षण किया गया।