वन विहार राष्ट्रीय उद्यान के रेस्क्यू सेंटर में जयपुर से लाई गई सिंहनी मौली पिछले तीन दिन से अस्वस्थ है। सिंहनी ने पिछले दो दिन से खाना नहीं खाया है। वन विहार एवं एसओएस वाइल्ड लाइफ के वन्य-प्राणी चिकित्सक वृद्ध सिंहनी का इलाज कर रहे हैं।
बावजूद इलाज के सिंहनी की हालत गंभीर बनी हुई है। उल्लेखनीय है कि सिंहनी की औसत आयु 14 से 15 वर्ष होती है। मौली को जयपुर से मई, 2006 में लगभग 9 वर्ष की उम्र में वन विहार लाया गया था। आज की स्थिति में उसकी उम्र लगभग साढ़े 17 वर्ष हो चुकी है। प्रबंधन द्वारा उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा पशु चिकित्सकों द्वारा राज्य पशु चिकित्सालय, भोपाल, भारतीय वन्य-प्राणी संस्थान देहरादून और सेंटर फॉर वाइल्ड लाइफ फॉरेंसिक एण्ड हेल्थ, वेटनरी कॉलेज जबलपुर के वरिष्ठ अनुभवी चिकित्सकों से परामर्श भी लिया जा रहा है।