मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने नए साल की शुरुआत सिंहस्थ की तैयारियों की समीक्षा के साथ की। आज यहाँ मंत्रालय में सिंहस्थ की समीक्षा करते हुए उन्होंने सिंहस्थ 2016 को विश्व समुदाय
के लिये पर्यावरण, मूल्य आधारित जीवन शैली, महिला सशक्तिकरण और धार्मिक शिक्षाओं और मूल्यों पर आधारित सन्देश देने का वैश्विक मंच बनाने के निर्देश दिए। इंदौर, भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर नगर में पर्यावरण, महिला सशक्तिकरण, धर्मों की मूलभूत एकता, इंसानियत जैसे विषय पर सिंहस्थ से पहले संगोष्ठियों का आयोजन। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ एक वैश्विक आध्यात्मिक आयोजन है। इसका लाभ लेकर दुनिया को बेहतर जीवन जीने और पर्यावरण को बचाने के भारतीय दृष्टिकोण का प्रसार करना एक सकारात्मक कार्य होगा। उन्होंने मुख्य सचिव को इन विषयों पर विश्व-स्तरीय संगोष्ठियों के लिये समय-सारिणी बनाने और स्वयंसेवी संगठनों, विद्वानों, विषय-विशेषज्ञों को आयोजन की जिम्मेदारी के लिये तैयार करने के निर्देश दिये।