आज राष्ट्र का छियासठवां गणतंत्र दिवस

राष्ट्र आज छियासठवां गणतंत्र दिवस मना रहा है। मुख्य समारोह देश की राजधानी दिल्ली में होगा, जहां राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी तिरंगा फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे। परेड में भारत की सैन्य शक्ति और सांस्कृतिक विविधता का प्रदर्शन किया जाएगा।

गणतंत्र दिवस की परेड में आज देश की सांस्कृतिक विरासत और सैन्य शक्ति को प्रदर्शित किया जाएगा। 1965 युद्ध के 50 साल के विषय पर भारतीय वायुसेना की झांकी होगी। इसमें भारत और पाकिस्तान के 1965 के युद्ध में अपनी क्षमता साबित करने वाले विमान को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा परेड में विभिन्न राज्यों और मंत्रालयों की झांकिया भी होंगी। मेक इन इंडिया नीति का प्रतीक शेर, कर्नाटक के मशहूर लकड़ी के खिलौने, सरदार पटेल की प्रतिमा स्टैचु ऑफ युनिटि, बुलेट ट्रेन तथा लड़कियों की सुरक्षा और शिक्षा परेड के मुख्य आकर्षण होंगे। अमरीका के राष्ट्रपति बराक ओबामा गणतंत्र दिवस परेड में मुख्य अतिथि होंगे। परेड सुबह 9 बज कर 50 मिनट पर विजय चौक से आरंभ होकर राजपथ, इंडियागेट, तिलक मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग और नेताजी सुभाष मार्ग होते हुए लालकिले पर सम्पन्न होगी। सुबह पांच बजे से साढ़े बारह बजे तक राजपथ पर विजय चौक से इंडिया गेट तक वाहन प्रतिबंधित होंगे। केंद्रीय सचिवालय, उद्योग भवन, पटेल चौक, रेसकोर्स, मंडी हाउस और प्रगति मैदान मेट्रो स्टेशन कुछ घंटों के लिए बंद रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *