पूर्व केन्दीय पर्यावरण मंत्री जयंती नटराजन ने कांग्रेस छोड़ दी है और श्री राहुल गांधी पर तीखा हमला किया है। उन्होंने दावा किया है कि पर्यावरण संबंधी परियोजनाओं को मंजूरी देने में उन्होंने श्री गांधी के निर्देशों का सम्मान किया था,
फिर भी केंद्रीय नेतृत्व ने उनको अपमानित किया और हाशिये पर डाल दिया। मेरा विरोध केन्द्रीय नेतृत्व से है। मैं आन रिकार्ड कहना चाहती हूं कि राज्य इकाई से मेरा कोई विरोध नहीं है। केन्द्रीय नेतृत्व द्वारा हमें पूरी तरह से हाशिए पर रखा गया। आज चेन्नई में श्रीमती नटराजन ने कहा कि वे यूपीए सरकार में पर्यावरण मंत्री के तौर पर अपने कार्यकाल के दौरान दी गई मंजूरियों की जांच का सामना करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पर्यावरण मंत्री के पद से इस्तीफा देने के बाद श्री राहुल गांधी के कार्यालय द्वारा उनकी प्रतिष्ठा गिराने के लिए समाचार छपवाए गए। उन्होंने निर्णय लेने के प्रक्रिया में श्री राहुल गांधी द्वारा हस्तक्षेप किए जाने का भी आरोप लगाया। श्रीमती नटराजन ने कहा कि वे स्नूपगेट के मुद्दे पर श्री नरेन्द्र मोदी की आलोचना नहीं करना चाहती थीं, लेकिन पार्टी आलाकमान के कहने पर उन्हें ऐसा मजबूरन करना पड़ा।