जम्मू-कश्मीर में पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी-पी डी पी के नेता मुफ्ती मोहम्मद सईद ने आज मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। पी डी पी और भारतीय जनता पार्टी की गठबंधन सरकार में भाजपा के निर्मल सिंह को उप मुख्यमंत्री बनाया गया है।
श्री सिंह जम्मू कश्मीर सरकार में मंत्री के रूप में शपथ लेने वाले पहले भाजपा विधायक हैं। अलगाववाद छोड़कर राजनीति में आए पीपुल्स कांफ्रेंस के सज्जाद लोन ने भी मुफ्ती सरकार में मंत्री पद की शपथ ली। श्री मुफ्ती मोहम्मद सईद सहित 25 मंत्रियों ने शपथ ली। इनमें 14 पी डी पी के और 11 भारतीय जनता पार्टी तथा इसके समर्थक दलों के हैं। राज्यपाल एन एन वोहरा ने जम्मू विश्वविद्यालय के जोरावर सिंह सभागार में आज मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।