मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज होशंगाबाद में निःशक्तजन सामूहिक विवाह सम्मेलन में उपस्थित होकर 51 निःशक्त नवदंपत्ति को अपना आशीर्वाद दिया। उन्होंने इस अवसर पर घोषणा की कि मुख्यमंत्री निःशक्तजन विवाह प्रोत्साहन योजना में सहायता राशि 25 हजार रुपये
से बढ़ाकर 50 हजार रुपये दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बढ़ी हुई सहायता राशि आज आयोजित विवाह सम्मेलन में लाभान्वित दंपत्तियों को भी मिलेगी।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जिला प्रशासन द्वारा निःशक्तजन सामूहिक विवाह सम्मेलन के आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन प्रदेश के सभी जिलों में किये जायेंगे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आज जिन निःशक्तजन के विवाह इस सम्मेलन में हो रहे हैं उनके रोजगार के लिए भी हर-संभव मदद दी जाएगी। उन्होंने कहा कि निःशक्त दंपत्तियों को स्व-रोजगार योजनाओं के साथ-साथ शासकीय नौकरियों में 6 प्रतिशत आरक्षण का लाभ भी दिलाया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि नर्मदा अपना अस्पताल के संचालक डॉ. राजेश शर्मा ने आज के सम्मेलन में विवाहित 5 निःशक्तजन को रोजगार देने की घोषणा की है। अन्य प्रतिष्ठान के संचालकों को भी इन नि:शक्तजन को रोजगार देने की पहल करना चाहिए।
लोक निर्माण मंत्री श्री सरताज सिंह ने कहा कि यह अनूठा निःशक्तजन विवाह समारोह देश का पहला हो सकता है। मध्यप्रदेश को इस बात पर गर्व है मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व की सरकार गरीबों एवं कन्याओं की मदद के लिए तत्पर है।