मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में विधानसभा के बीचों बीच कांग्रेस विधायकों का धरना जारी है। ये विधायक बेमौसमी बरसात और ओला वृष्टि से नष्ट हुई फसलों के लिए किसानों को तुरंत राहत दिये जाने की मांग कर रहे हैं।
राज्य में किसानों को फोरी राहत के मामले ने एक राजनीतिक लड़ाई का रूप ले लिया है और राज्य सरकार और कांग्रेस अपने-अपने रूख पर कायम है। कल शाम राज्य विधानसभा का एकदिवसीय विशेष सत्र संपन्न होने के तुरंत बाद कांग्रेस विधायक सदन में धरने पर बैठ गए। संसदीय कार्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि सरकार कांग्रेस की सभी मांगे पहले ही मान चुकी है। वहीं कांग्रेस इस मुद्दे पर सरकार पर उदासीन रवैया अपनाने का आरोप लगा रही है। विधानसभा अध्यक्ष सीता शरण शर्मा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरूण यादव और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आज सुबह धरने पर बैठे कांग्रेस विधायकों से मुलाकात की। बेमौसम बरसात और ओलावृष्टि से राज्य में चार लाख हेक्टेयर क्षेत्र में फसल बरबाद हुई है और चार लाख किसान प्रभावित हुए हैं।