भोपाल में अत्याधुनिक मीडिया सेंटर बनेगा

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि पत्रकारों की सहमति के अनुरूप भोपाल में अत्याधुनिक मीडिया सेंटर बनाया जायेगा। सेन्टर का शिल्प अद्भुत होगा। प्रयास है कि इसका शिलान्यास जून माह में किया जाये।

श्री चौहान ने यह बात आज यहाँ मुख्यमंत्री निवास में बड़ी संख्या में आए पत्रकारों के साथ चर्चा में कही। पत्रकार मीडिया सेंटर निर्माण की पहल के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद देने आये थे। इस अवसर पर जनसंपर्क मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मीडिया सेंटर स्वायत्त होगा। इसमें सरकार सहयोग करेगी किन्तु उसका कोई हस्तक्षेप नहीं होगा। मीडिया सेंटर के भवन निर्माण, संचालन और प्रशासन संबंधी व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग उप समितियाँ बनाई गई हैं। इसकी सदस्यता स्थाई नहीं होगी। सदस्यों का निश्चित कार्यकाल होगा। निश्चित अवधि के बाद सदस्य बदलते रहेंगे। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की सहमति से मीडिया सेंटर निर्माण के लिए आर्किटेक्ट का चयन कर लिया गया है। कार्य को निश्चित समय-सीमा में पूर्ण करने का प्रयास किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *