स्वतंत्रता सेनानी और शिक्षाविद् मदन मोहन मालवीय को मरणोपरान्त भारत रत्न से सम्मानित किया गया है। आज राष्ट्रपति भवन के दरबार हाल में एक भव्य समारोह में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने उनके परिजनों को भारत रत्न प्रदान किया। मदन मोहन मालवीय को देश की सांस्कृतिक पहचान फिर से स्थापित करने के लिए संस्थाएं स्थापित करने की पहल के लिए याद किया जाता है। उन्होंने काशी हिन्दू विश्वविद्यालय की स्थापना की थी। सत्यमेव जयते के नारे को लोकप्रिय बनाने का श्रेय भी उन्हीं को जाता है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, अकाली दल नेता और पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और जगद्गुरू रामभद्राचार्य को पद्म विभूषण और स्वपन दासगुप्ता, डेविड फ्राले, हरीश साल्वे तथा श्री सतपाल को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। पदमश्री पाने वालों में जाने माने फि़ल्म निर्माता संजय लीला भंसाली, डॉक्टर रनदीप गुलेरिया, लेखक प्रसून जोशी और प्रोफेसर अल्का कृपलानी शामिल हैं।