लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने आज अचानक दतिया जिला चिकित्सालय पहुँचकर निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान जिला चिकित्सालय के प्रत्येक वार्ड में जाकर मरीजों से हालचाल पूछे। स्वास्थ्य मंत्री ने कल भी अस्पताल का निरीक्षण किया था।
आज उन्होंने रोगियों को मिलने वाली खाद्य सामग्री एवं दवाओं के बारे में जानकारी हासिल की। मरीजों ने बताया कि उन्हें खाद्य सामग्री एवं दवाएँ समय पर मिल रही हैं। मंत्री ने सिविल सर्जन डॉ. प्रतिभा श्रीवास्तव को सख्त निर्देश दिए कि वे सभी डॉक्टरों से जिला चिकित्सालय में ड्यूटी आने पर पहले हाजिरी रजिस्टर पर हस्ताक्षर करवाये। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिला चिकित्सालय में थम्ब इम्प्रेशन उपस्थिति पद्धति अपनाने की कार्यवाही शुरू करें।