सीमा विवाद निपटाने में भारत और चीन ने इतिहास से सबक लिया।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि भारत और चीन ने सीमा विवाद को निपटाने में इतिहास से सीख ली है। उन्‍होंने जोर देकर कहा कि वाणिज्‍य और व्‍यापार में स्‍पर्धा के बीच द्विपक्षीय संबंध अब ऐसी स्थिति में पहुंच गए हैं जहां वे वैश्विक सहयोग में बदल सकते हैं। टाइम मैगजीन को दिये साक्षात्‍कार में श्री मोदी ने कहा कि भारत-चीन सीमा पर लगभग शांति बनी हुई है। उन्‍होंने कहा कि 25 वर्षों से दोनों देशों के बीच एक भी गोली नहीं चली। श्री मोदी ने कहा कि इससे साबित होता है कि दोनों देशों ने इतिहास से सबक लिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जहां तक भारत और चीन के बीच संबंधों का ताल्‍लुक है, यह सत्‍य है कि चीन और भारत के बीच एक लंबी सीमा है और उसका एक बड़ा हिस्‍सा विवादित है। वे समझते हैं कि दोनों देश परिपक्‍वता का परिचय देते हुए आर्थिक सहयोग को सुनिश्चित करेंगे, जो पिछले बीस से तीस वर्षों के बीच बहुत बढ़ा है। इससे दोनों देशों के बीच व्‍यापार, निवेश और परियोजना संबंधी तालमेल अधिक हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *