मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कृषि महोत्सव को प्रदेश के कृषि परिदृश्य को बदलने का अभियान बनायें। इसके माध्यम से किसानों को कृषि की नवीनतम तकनीक और शोध के बारे में जागरूक करें।
प्रदेश में बच्चों द्वारा भिक्षावृत्ति को रोकने के लिये अभियान चलायें। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज यहाँ वीडियो कान्फ्रेंसिंग में प्रदेश के संभागायुक्त एवं कलेक्टर्स से चर्चा कर रहे थे। कृषि मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन, लोक निर्माण मंत्री श्री सरताज सिंह, राजस्व मंत्री श्री रामपाल सिंह, मुख्य सचिव श्री अन्टोनी डिसा और पुलिस महानिदेशक श्री सुरेन्द्र सिंह भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश एक नई कृषि क्रांति की ओर बढ़ रहा है। कृषि महोत्सव प्रदेश के कृषि परिदृश्य को बदलने का अभियान है। महोत्सव को बड़ा जन अभियान बनायें। इसमें किसानों को फसल चक्र परिवर्तन के साथ नयी कृषि तकनीक से अवगत करवायें। कृषि के नवीनतम शोध की जानकारी किसानों तक पहुँचे। उद्यानिकी फसलों, पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और मछली पालन के रूप में किसानों को सहायक रोजगार मिले। मिट्टी का परीक्षण कर किसानों को मिट्टी में आवश्यक खाद, बीज आदि की जानकारी दें।
263 नयी मिट्टी परीक्षण प्रयोगशाला स्थापित होंगी
बताया गया कि प्रदेश में प्रत्येक विकासखण्ड में मिट्टी परीक्षण प्रयोगशाला की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिये 263 नयी मिट्टी परीक्षण प्रयोगशालाएँ स्थापित की जायेंगी। कृषि महोत्सव प्रदेश में 25 मई से 15 जून तक मनाया जायेगा। अगले एक सप्ताह में राष्ट्रीय कृषि बीमा योजना के तहत 5 लाख 40 हजार किसानों के खातों में करीब 379 करोड़ 7 लाख की बीमा राशि जमा की जायेगी। महोत्सव के दौरान किसानों को इस राशि के वितरण के प्रमाण-पत्र दिये जायेंगे।
बच्चों की भिक्षावृत्ति रोकने अभियान मिशन मोड में
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निर्देश दिये कि प्रत्येक जिले में बच्चों द्वारा भिक्षावृत्ति को रोकने का अभियान चलायें। ऐसे बच्चों के रहने, भोजन और शिक्षा की व्यवस्था की जाये। ऐसे बच्चों के परिवारों को समझायें, उनकी मदद करें और यदि बच्चों के परिवार नहीं है तो उनकी व्यवस्था आश्रय-गृह में की जाये। ऐसे बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था राज्य सरकार करेगी। उन्होंने कहा कि सभी कलेक्टर इस अभियान को मिशन मोड में चलायें। यह मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा अभियान है। इसके लिये धनराशि की कोई कमी नहीं है। जन-प्रतिनिधि भी इस अभियान में सहयोग करें।